Kawardha News कवर्धा: छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। राज्यभर में हुए 10 नगर निगम, 49 नगर परिषद और 114 नगर पंचायतों के चुनाव में भाजपा ने प्रभावशाली जीत दर्ज की है। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत पांडातराई और इंदौरी में भी भाजपा ने शानदार जीत हासिल की। प्रदेश की सभी दस नगर निगमों में भी जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस को पूरी तरह पराजित कर दिया।
इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा ने जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस की अस्थिर और भ्रष्टाचारग्रस्त सरकार के विरुद्ध मतदान कर भाजपा की सुशासन व विकास की ट्रिपल इंजन सरकार पर विश्वास जताया है। नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत पांडातराई और इंदौरी में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा महापौरों को चुने जाने से स्पष्ट हो गया है कि जनता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की अव्यवस्थाओं को नकारते हुए भाजपा के सुशासन व विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि पंडरिया नगर में भी भाजपा प्रत्याशी मंजुला देवी कुर्रे को नगर पालिका अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत मिली है। जनता ने कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और ठप पड़े विकास कार्यों को पूरी तरह अस्वीकार कर भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों को अपनाया है।
भावना बोहरा ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की इस ऐतिहासिक विजय के पीछे जनता और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, निष्ठा और विश्वास है। भाजपा ने विकास और जनहित की योजनाओं को प्रमुखता देते हुए जनता के समक्ष अपनी बात रखी, जबकि कांग्रेस ने पंडरिया में डराने-धमकाने, अराजकता फैलाने और भय का वातावरण तैयार करने का प्रयास किया। लेकिन, जनता ने कांग्रेस की इन नीतियों को ठुकराकर भाजपा के सुशासन और विकास की ट्रिपल इंजन सरकार को चुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और भाजपा के अटल संकल्प पत्र पर जनता का भरोसा साबित करता है कि भाजपा की नीति और नीयत पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम— रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर, रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, अंबिकापुर, चिरमिरी और धमतरी में हुए चुनावों में भाजपा ने 10 में से 10 नगर निगमों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस पूरी तरह बाहर हो गई।
उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्शाती है कि जनता ने भाजपा सरकार की 14 महीनों की नीतियों और विकास कार्यों को स्वीकार किया है। जिले की दोनों नगर पालिकाओं में भाजपा की जीत हुई, जबकि 7 नगर पंचायतों में से 5 में भी भाजपा ने परचम लहराया। जनता ने कांग्रेस के पांच वर्षों के कुशासन से मुक्ति पाकर भाजपा के सुशासन और विकास के लिए मतदान किया है।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले एक वर्ष में अधोसंरचना विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी है। पंडरिया नगर के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये, पांडातराई नगर के लिए 12 करोड़ रुपये और इंदौरी नगर के लिए 4 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। यह सभी कार्य भाजपा सरकार में जनता के सहयोग से पूर्ण हुए हैं और अब ट्रिपल इंजन सरकार के तहत इन विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने अटल संकल्प पत्र और हमर संकल्प पत्र में जो भी वादे किए हैं, वे अब जनता के सुझावों व मार्गदर्शन के अनुरूप साकार किए जाएंगे। पंडरिया, पांडातराई और इंदौरी को एक विकसित और आदर्श नगर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा, जिससे समृद्ध पंडरिया विधानसभा का सपना साकार हो सके।